सत्य सटीक स्वतंत्र

नहीं मिला बम, 15 घंटे बाद फ्लाइट ने गोवा के लिए भरी उड़ान

0 1,515
Above News

मास्को से गोवा आ रही फ्लाइट में बम की खबर महज अफवाह निकली। करीब 15 घंटे बाद विमान ने जामनगर से गोवा के लिए उड़ान भरी। इससे पहले बीरी रात उस समय हड़कंप मच गया जब सूचना मिली कि मास्को से गोवा जा रही रूसी एयरलाइन्स की फ्लाइट में बम है। फ्लाइट को तत्काल डायवर्ट किया गया और गुजरात के जामनगर में इमरजेंसी लैंडिंग हुई। सभी यात्रियों को उतारा गया, पूरे विमान की जांच हुई, लेकिन कुछ नहीं मिला। इस बीच, भारत में रूसी दूतावास ने बयान जारी कर कहा है कि सभी यात्री पूरी तरह सुरक्षित हैं। दूतावास की ओर से जारी बयान में कहा गया, ‘मास्को से गोवा जा रही अज़ूर एयर की फ्लाइट पर कथित बम की सूचना मिली थी। इस बारे में भारतीय अधिकारियों ने दूतावास को सतर्क किया था। विमान ने जामनगर भारतीय वायु सेना अड्डे पर एक आपातकालीन लैंडिंग की। सभी यात्री पूरी तरह सुरक्षित हैं।’

वहीं जामनगर हवाई अड्डे के निदेशक के अनुसार, कुल 244 यात्रियों को रात 9:49 बजे जामनगर (रक्षा) हवाई अड्डे पर सुरक्षित रूप से उतारा गया। गोवा एयर ट्रैफिक कंट्रोल को उड़ान में बम की धमकी का दावा करने वाला एक ईमेल प्राप्त हुआ था। बम निरोधक दस्ता और दमकल की टीमें तत्काल मौके पर पहुंची। इसके अलावा CISF के अधिकारी, कलेक्टर और पुलिस अधीक्षक भी एयरपोर्ट पहुंचे।
जामनगर कलेक्टर सौरभ पारघी ने बताया कि हमें मास्को-गोवा उड़ान में बम के बारे में सूचना मिली थी। विमान को जामनगर की ओर मोड़ दिया गया। यहां इमरजेंसी लैंडिंग हुई। फ्लाइट में 236 यात्री और चालक दल के 8 सदस्य हैं। सभी यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया और हवाई अड्डे के लाउंज में बैठाया गया। यात्रियों की सुविधा का पूरा ख्याल रखा गया है। जांच पूरी होने के बाद विमान अपने गंतव्य (पणजी) के लिए उड़ान भर सकता है। वहीं मास्को-गोवा चार्टर्ड फ्लाइट में गोवा एटीसी द्वारा बम की धमकी मिलने के बाद गोवा अंतरराष्ट्रीय हवाईअड्डे के बाहर सुरक्षा कड़ी कर दी गई है

 

नोट :- अन्य अपडेट लगातार पाने के लिए हमारा फेसबुक पेज लाइक करें| आप हमें ट्वीटर पर भी फॉलो कर सकते हैं| नवीनतम वीडियो न्यूज देखने के लिए हमें यूटूब (Youtube) पर सब्सक्राइब करें।
Below News
Above Reporter Photo